बलिया। रेलवे टिकट के कैंसिलेशन चार्ज को दोगुना कर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाले जाने के विरोध में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु को स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से पत्रक भेजा। चेताया कि यदि शीघ्र कैंसिलेशन चार्ज को वापस नहीं लिया गया तो आने वाले समय में पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है। तब से किसी ने किसी बहाने रेल यात्रियों पर अतिरिक्त भाड़े का भार ही बढ़ा है। लेकिन यात्री सुविधाएं पहले से बदतर हुई है। इस प्रकार सरकार बनते ही 14.5 प्रतिशत किराए बढ़ाने के बाद अतिरिक्त सर्विस चार्ज लगाने में जो तत्परता दिखाई, उससे लगा कि साल भर के अंदर ही इन जर्जर पटरियों पर ये सरकार बुलेट ट्रेन दौड़ा देगी। लेकिन आज स्थिति पहले से बदहाल हुई है। आज भी ट्रेन लेट होने के अपने ही सारे रिकार्ड तोड़ती दिखती है। ऐसा लगता है कि यात्रियों के वक्त की कीमत का कोई महत्व ही नहीं है। जानवरों से भी बदतर स्थिति में लोग यात्रा करने को मजबूर है। आए दिन यात्रियों के साथ अभद्रता, लूट तथा हत्याएं अखबार और खुद से सफर के दौरान देखने को मिलता है। इस मौके पर तेज नारायण, अजीत स्वराज, विवेक सिंह, राजकुमार मौर्य, बृजेश गुप्त, सुमन राय, बलराम सिंह, उमेश प्रजापति, बरखू पासवान, सुशांत राज भारत, संजय सिंह आदि लोग रहे।