बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के गुलौरा मठिया शिवमंदिर घाट पर बृहस्पतिवार की शाम सरयू नदी में स्नान करने गया युवक डूब गया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने शोर मचाया तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से डूबे युवक को देर शाम नदी से बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गुलौरा मठिया निवासी रंजीत (30) कानपुर मेट्रो में नौकरी करता था। कुछ दिन पूर्व वह घर आया हुआ था। बृहस्पतिवार की शाम वह शिव मंदिर घाट पर सरयू नदी में नहाने के लिए गया। कुछ समय के बाद नदी से बाहर नहीं निकलने पर मंदिर परिसर में मौजूद लोगों को उसके पानी में डूब जाने की आशंका हुई। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रंजीत को बाहर निकाल सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।