पंदह (बलिया)। खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुवान पुल के पास पुलिसकर्मियों और रजनीश यादव नाम के युवक के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार को एक बाइक सवार ने डायल 112 की गाड़ी में टक्कर मार दी थी। इस दौरान मौके पर पहुंचे रजनीश यादव की पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। पुलिस ने उसकी चारपहिया गाड़ी के कागजात मांगे, जिन्हें वह उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद पुलिस गाड़ी को थाने ले गई, जिसे बाद में छोड़ दिया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करता।
शाम को प्रतिमा विसर्जन के दौरान जनुवान पुल के पास सड़क पर बाइक खड़ी करने को लेकर पुलिस और रजनीश के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान कथित हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस बाबत खेजुरी थाना प्रभारी सुशील दुबे ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, पता किया जा रहा है। संवाद