बलिया। शहर के एक मोहल्ले में शुक्रवार की देर शाम एक युवती के साथ कुछ कुछ युवक छेड़खानी कर रहे थे। छेड़खानी का विरोध करने पर युवकों ने युवती के भाई की पिटाई कर दी।
आरोप है कि युवक आठ-दस की संख्या में थे। घर में भी घुस गए। युवती के चिल्लाने पर आसपास के लोगों को आता देख वे भाग गए। युवती की शिकायत पर डायल-112 पुलिस पहंुची। पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरों को खंगाला।
सदर कोतवाली के एक मोहल्ला में युवती अपनी बहन के ससुराल में काफी दिनों से रहती है। शुक्रवार को उसका भाई उससे मिलने आया हुआ था। शाम को सभी दरवाजे के बाहर बैठे थे। उसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवकों ने युवती से छेड़खानी की। जिसका विरोध करने पर युवकों ने उसके भाई की पिटाई कर दी। उसके बाद कुछ और युवकों को बुलाकर जबरदस्ती घर में घुसकर लड़की को जबरदस्ती बाहर खिंचने लगे। इस बाबत कोतवाली योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि विदाई को लेकर कुछ विवाद हुआ था। छेड़खानी की शिकायत नहीं मिली है। अगर मिलेगी तो मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।