कस्बे के बाजार स्थित एक कटरे में मंगलवार की रात आग लगने से कपड़ा व खाद बीज की दुकान जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड व आसपास के लोगों ने बड़ी मशक्कत से आग को फैलने से रोका। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है। लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
कस्बा के मुख्य बाजार स्थित कटरे में गड़वार थाना क्षेत्र के बड़सरी निवासी शिवशंकर गुप्ता की शंकर वस्त्रालय व गड़वार थाना क्षेत्र के ही सुहवां निवासी अक्षयलाल वर्मा की मां दुर्गा बीज भंडार के नाम से दुकान है। हमेशा की तरह दोनों लोग मंगलवार को भी देर शाम दुकान बंद कर घर चले गए। मध्यरात्रि के करीब पड़ोस के एक दुकानदार ने कटरे से धुंआ निकलते देखा तो उसने शोर मचाया। आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और दोनों दुकानदारों को फोन से घटना की जानकारी दी। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। इस दरम्यान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया । सूचना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की विकरालता के आगे सभी विवश नजर आए। पीड़ित अक्षयलाल वर्मा ने बताया कि करीब 15 लाख रुपये के बीज आदि आग के भेंट चढ़ गया है। वहीं शिवशंकर के पुत्र अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि करीब 15 लाख के कपड़ों के साथ दुकान में रखा पांच लाख रुपये भी जलकर राख हो गया है। पांच फरवरी को घर में दो शादियां होने वाली हैं। दहेज का सामान खरीदने के लिए कल ही घर से पैसा लेकर आया था जो दुकान में ही रखा था। सूचना पर बुधवार की सुबह गड़वार थाने से आए सिपाहियों ने पीड़ित दुकानदारों से मिलकर क्षति के संदर्भ में जानकारी ली।
आग लगने से सामान जला
सहतवार। कस्बे के वार्ड नम्बर 11 में अज्ञात कारण से आग लगने हजारों रुपये का समान व नगदी जलकर राख हो गई। आनफान में किसी तरह आग पर काबू पाया गया। बृहस्पतिवार लगभग 12 बजे मीना देवी के घर पर अज्ञात कारण से आग लग गई। रखा टीवी, फ्रिज, पलंग, कपड़ा, आभूषण, 15 हजार रुपये नगद आदि सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।