नरही। गांव में सोमवार की शाम को मकान में खिड़की लगाने को लेकर दो पड़ोसी बृजेश यादव व प्रकाश यादव के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से लाठी डंडे चले। इसमें एक पक्ष के बृजेश यादव,.राकेश यादव, मुनेंद्र यादव व पत्नी मंजू देवी तथा दूसरे पक्ष के मुकेश यादव, प्रकाश यादव घायल हो गए। राकेश की हालत गंभीर है, वाराणसी में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर पहुंचे और मामले की जानकारी कर आरोपियों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रकाश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
नरही गांव निवासी बृजेश यादव व प्रकाश यादव दोनों पट्टीदार है। इनके बीच लंबे समय से मकान के छज्जे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को बृजेश यादव अपने मकान में खिड़की लगवा रहे थे। इसे प्रकाश यादव ने रोक दिया और डायल-112 पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मामला शांत कराकर दोनों को थाने पर बुलाया। शाम को प्रकाश यादव ने पुलिस को तहरीर देकर मारपीट की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। सोमवार की शाम को प्रकाश के चचेरे भाई मुकेश यादव छत पर खड़े थे, उसी दौरान पड़ोसी बृजेश यादव ने गाली गलौज की। मामला बढ़ गया, देखते ही देखते लाठी डंडे से दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। इसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए।
राकेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। दूसरे पक्ष के घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस बाबत एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों के घायलों का इलाज कराया जा रहा है। एक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।