बेल्थरारोड क्षेत्र के मधुबन ढाला के समीप विद्युत तार का मरम्मत करते विद्युतकर्मी।संवाद
बलिया। बेल्थरारोड मधुबन रेल क्रॉसिंग (ढाला) के पास अंडरग्राउंड विद्युत केबल में फाॅल्ट से सोनाडीह फीडर की बिजली आपूर्ति रात करीब 12 बजे से ठप हो गई। करीब 15 घंटे तक 20 गांवों की बिजली गुल रही। दोपहर करीब 3 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। अवाया विद्युत उपकेंद्र से सोनाडीह रेल क्रॉसिंग-कुंडैल तक करीब 5 किलोमीटर नई विद्युत लाइन को चालू करने की कवायद जारी है। इमिलिया रोड से चौकियां मोड़ तक तार और पोल को बुधवार की देर शाम तक दुरुस्त कर किए गए। करीब 18 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित लाइन में फिलहाल 5 किलोमीटर हिस्सा चालू होने से सोनाडीह फीडर के आंशिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं को ओवरलोड, फाल्ट और बार-बार होने वाली बिजली कटौती से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। जेई रामविलास खरवार ने बताया कि सोनाडीह फीडर पर बढ़ते ओवरलोड के कारण बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। नई लाइन को जल्द चालू करने के साथ ही विभाग फाल्ट और ओवरलोड की समस्या को कम करने में जुटा है।