सिकंदरपुर (बलिया)। थाना क्षेत्र के चकखान गांव अंतर्गत बंगरा में बुधवार की रात सगे भाइयों हरिंद्र राजभर व वीरेंद्र राजभर के बीच आपसी विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।
दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें एक महिला समेत 10 लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने बताया कि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बड़े भाई हरिंद्र राजभर अपने गांव के ही एक व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे।
छोटे भाई को लगा कि बड़ा भाई उनके विरुद्ध कोई शिकायत कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, इसके बाद दोनों उग्र हो गए। देखते ही देखते दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिसमें महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची। मामले को शांत किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना में एक पक्ष के हरिंद्र राजभर (45) उनकी पत्नी मुन्नी देवी (43), पुत्री अंजली (22), शिवानी देवी (26) तथा पुत्र अभय (16) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से वीरेंद्र राजभर (40), पत्नी ममता (38), पुत्री संध्या (16), पुत्र प्रिंस (18) व मां बालेश्वरी देवी (65) को चोट आई है। चिकित्सक अभिषेक राय ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर वीरेंद्र राजभर, ममता देवी, संध्या, हरिंद्र राजभर, मुन्नी देवी और अंजली को 108 एंबुलेंस सेवा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।