बांसडीह रोड। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को एक प्रेमी युगल को झाड़ियों में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सबसे पहले रेलवे लाइन के पूर्वी छोर पर पेड़ से ताड़ी उतारने के लिए चढ़े पासी की नजर उन पर पड़ी। पासी ने तत्काल इसकी सूचना गांव वालों को दी। इसपर ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलते ही युवती के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जब परिजनों ने देखा कि युवती उनके ही परिवार की है, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उग्र ग्रामीणों और परिजनों ने कथित प्रेमी की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि प्रेम प्रसंग आठ वर्षों से चल रहा था। युवक गांव के ही एक मंदिर में कई सालों से रह रहा था, जहां युवती अक्सर पूजा-अर्चना के लिए आती थी।
इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। हालांकि, ग्रामीणों ने इस रिश्ते का विरोध करते हुए पिछले साल युवक को गांव से भगा दिया था। हंगामे की सूचना पाकर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। अंतत: दोनों पक्षों को समझाकर उनके घर भेज दिया गया। संवाद