नरही। थाना क्षेत्र के लखनुआ मोड़ के पास मंगलवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में जहां कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना उस समय हुई जब अचानक सड़क पर आयी नील गाय को बचाने में चालक वाहन का नियंत्रण खो बैठा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी।
जानकारी के अनुसार बिहार के बक्सर जिला निवासी थाना टाउन स्थित सिविल लाइन निवासी अनुराग सिंह (42) पुत्र रविकांत सिंह किसी कार्य से बलिया आए थे। उनके साथ कार में रविरंजन सिंह (40) और बल्ली कुमार (41) भी थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लखनुआ मोड़ के पास पहुंची कि कार के सामने अचानक नील गाय आ गई। नील गाय को बचाने के चक्कर में चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क के किनारे महुआ के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पचखरे उड़ गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं लेह गये. जहां गंभीरावस्था को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया। रविरंजन और बल्ली का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।