चिलकहर। गड़वार-नगरा मार्ग स्थित कुरेजी नहर पुलिया के पास शुक्रवार को जीप की चपेट में आने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य छात्र भी जख्मी हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के सुजायत गांव निवासी 20 वर्षीय चंदन सिंह पुत्र शिवजी सिंह, 18 वर्षीय मनीष उर्फ गोलू पुत्र नागेंद्र सिंह तथा 19 वर्षीय हिमांशु सिंह उर्फ संटू सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह एक ही बाइक से चोगड़ा स्थित ललीता देवी इंटर कालेज में जा रहे थे। शुक्रवार को इंटर हिंदी द्वितीय प्रश्न प्रत्र की परीक्षा थी। इसी बीच कुरेजी नहर पुलिस के पास विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही कमांडर जीप ने धक्का मार दिया। हादसे के बाद तीनों सड़क किनारे गिरकर जख्मी हो गए। जिसमें चंदन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस से शव को कब्जे में लेकर घायलों काे जिला अस्पताल भेज दिया। उधर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस चालक की खोजबीन में जुटी हुई है।