रसड़ा। नगर के पुरानी मस्जिद और तहसीलदार बंगला के सामने स्थित ट्रांसफार्मर बुधवार रात जल गया। शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। गर्मी आैर उमस से परेशान लोगों ने शनिवार को भगत सिंह तिराहे पर रसड़ा-लखनऊ राजधानी मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता को लोगों ने बंधक बना लिया। नया ट्रांसफार्मर लगाने के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम समाप्त किया।
ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से मुहल्लेवासियों के साथ ही रोजेदारों को पेयजल सहित अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इससे नाराज मुहल्लेवासियों ने शनिवार को सुबह करीब 10 बजे भगत सिंह तिराहे पर सड़क जाम कर दिया। इससे बलिया-राजधानी मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर बिजली विभाग के अवर अभियंता सीताराम बिंद को लोगों ने बंधक बना लिया। दो घंटे बाद मौके पर रसड़ा एसडीएम अनिल कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी डा. अजय सिंह, कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार सिंह पहुंच गए। एसडीएम ने लोगों को ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद अवर अभियंता को मुक्त करने के साथ ही करीब तीन घंटे बाद जाम कर दिया गया। जाम करने वालों में आनंद सिंह मान, संजय, राकेश सिहं, पूर्व सभासद प्रद्युमभन जी, फिरोज भाई, जुगनू, दीपू, शमशेर, छोटे आदि रहे।