बलिया। साईं विनायक सेवा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को जापलिनगंज स्थित साई मंदिर से शोभा यात्रा निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर पर पहुंची। शोभा यात्रा में गाजे बाजे के साथ ही ऊंट, हाथी, घोड़ा भी शामिल किए गए। इस दौरान साईं भक्तों ने जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभा यात्रा जापलिनगंज स्थित साईं मंदिर से शाम चार बजे निकली, जो नगर के एसी कालेज चौराहा, भृगु मंदिर, शास्त्री पार्क, जापलिनगंज पुलिस चौकी, नया चौक, एलआईसी रोड, विजय सिनेमा रोड, मालगोदाम रोड, कासिम बाजार, टाउन हाल रोड, विशुनीपुर चौराहा, स्टेशन रोड होते हुए पुन: साई मंदिर पहुंची। इस दौरान साईं भक्तों ने जय साईं राम, साईं बाबा की जय के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर र्साइं राम की भव्य झांकी निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षक का केंद्र रहा। शोभा यात्रा में हजारों नर-नारी शामिल हुए। पालकी को कंधा देकर लोगों ने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजक गोपाल जी मिश्र ने बताया कि बाबा की शोभा यात्रा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी निकाली गई, जिसमें हजारों साई भक्त शामिल हुए। उन्होंने कहा जो भी भक्त सच्चे मन से बाबा को याद करता है, उसकी सभी मुरादें बाबा पूरी करते हैं। शोभा यात्रा में लक्ष्मी पंडित, रानू पाठक, शमन पांडेय, अमन केशरी, लक्की दूबे, आशीष मिश्र, कृष्णा वर्मा, अशोक, कन्हैया समेत हजारों साईं भक्त मौजूद रहे।