बांसडीह। क्षेत्र के सहतवार मार्ग से बकवां गांव तक प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत हो रहे सड़क निर्माण को ग्रामीणों ने मंगलवार को फिर रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता डीके त्रिपाठी ने समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। सड़क निर्माण का कार्य बंद कर दिया गया।
बतातें चले कि सहतवार मार्ग से बकवां गांव तक प्रधानमंत्री योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। जिसे मानक के अनुरूप सड़क निर्माण नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने रविवार को कार्य बंद करा दिया था। कार्य शुरू कराने के लिए जेई अनिल राय सोमवार को ग्रामीणों से मिले और आश्वासन दिया कि मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण किया जाएगा। उनके आश्वासन पर मंगलवार को सड़क निर्माण कार्य आरंभ किया गया। लेकिन ग्रामीणों ने फिर से मानक के अनुरूप कार्य नहीं दिखने पर रुकवा दिया। सूचना पर पहुंचे सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को बताया कि मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण में मानक क्या होता है, इसका कागज दिखा दीजिये। कागजात नहीं दिखाए जाने पर ग्रामीणों ने फिर से कार्य बंद करवा दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अंशुमान पांडेय, रितेश चौहान, पंकज कुमार सिंह, भीम सिंह, राजू, जवाहिर, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।