रसड़ा। क्षेत्र के सरायभारती स्थित विक्रमा मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर अवैध वसूली के बाद विवाद में युवक की पिटाई करने का आरोपी शिक्षक मंगलवार को पकवाइनार से गिरफ्तार कर लिया गया। ग्रामीणों के बवाल के बाद अब भी तनाव बरकरार है। परीक्षा केंद्र पर पुलिस व पीएसी की तैनाती कर दी गई है। युवक के परिवार के लोगों ने शिक्षक अनिल सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।
विक्रमा मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्रा से नकल कराने के लिए धन की मांग की गई थी। जब उसका भाई परीक्षा केंद्र पर गया और विरोध किया तो उसे पकड़ने के बाद जमकर पिटाई कर दी गई। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। जिसका उपचार वाराणसी में कराया गया। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए तहरीर के आधार पर शिक्षक अनिल सिंह व प्रबंधक प्रतिनिधि संजय यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शिक्षक को पकवाइनार के पास से गिरफ्तार कर लिया।