बलिया। भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर बुधवार को सभी ब्लाक स्तरीय कमेटियों ने पौधरोपण किया। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राहुल गांधी को शुभकामना देते हुए आतिशबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने केक काटा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। जिला अस्पताल में मरीजों में फल का वितरण किया गया।
पार्टी कार्यालय पर पूर्व महामंत्री उप्र कांग्रेस कमेटी और एटा के पूर्व एमएलए हंसराज सिंह लोधी ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिन महत्वपूर्ण है। क्योंकि 2014 में उनके नेतृत्व में अकेले अपने दम पर सरकार केवल कांग्रेस पार्टी की बनने जा रही है। उप्र कांग्रेस कमेटी के जोनल अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि चुनौति से विचलित हुए बिना अदम्य साहस और धैर्य के प्रतीक राहुलजी ने ठाना है कि प्रदेश में कांग्रेस को पूर्ण स्थापित किए बिना चैन से नहीं बैठेंगे। अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जयपुर कांग्रेस अधिवेशन में राहुल गांधी को उपाध्यक्ष चुनने के बाद नए तेवर में आई कांग्रेस का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। इस मौके पर राजीव उपाध्याय, विनायक राय, सीबी मिश्र, मुन्ना उपाध्याय, सत्यप्रकाश सिंह, जयनेंद्र पांडेय, पारस नाथ वर्मा, विजय कुमार ओझा, मुन्ना उपाध्याय, मदन यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन जितेंद्र नाथ राय ने किया।