दुबहर। क्षेत्र के भरसर गांव के दियारा स्थित मां जौहरी का वार्षिकोत्सव गुरुवार को मनाया गया। इस दौरान भरसर बाजार स्थित दुखहरण शिव के मंदिर परिसर से गाजेबाजे के साथ झंडा जुलूस निकाला गया। हाथी, घोड़े, बैंडबाजे तथा विभिन्न प्रकार झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।
भरसर गांव स्थित दियारे में प्राचीन मां जौहरी के वार्षिकोत्सव में क्षेत्र के दर्जनभर गांवों के श्रद्धालुओं ने सहभागिता किया। इस दौरान भरसर बाजार स्थित दुखहरण शिवमंदिर से निकाला गया झंडा जुलूस में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान शंकर, मां दुर्गा, के साथ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा स्वच्छता अभियान पर बनाई गईं झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। वहीं हाथी, घोड़ा, ऊंट, के साथ भक्तिगीतों पर युवा थिरकते हुए मां जौहरी के स्थान पर पहुंचे।
इस मौके पर विविध प्रतियोगिता आयोजित किए गए थे। जिसमें चार सौ मीटर की दौड में प्रथम स्थान पर पप्पू यादव, द्वितीय रजत शर्मा तथा तीसरे स्थान पर सुरज गुप्ता रहे। वहीं रस्शाकशी प्रतियोगिता में भीमपट्टी और भरसर के बीच खेला गया। जिसमें भरसर की टीम विजेता रही। वहीं समाजसेवी श्रीकांत तिवारी ने प्रतियोगिता के अव्वल खिलाड़ियों को नकद सहित शील्ड देकर सम्मानित किया। प्रधान पुजारी हरिप्रकाश तिवारी, पंकज सिंह, रविप्रकाश तिवारी, राकेश तिवारी, अंशु पांडेय, मुन्ना यादव, उमेश यादव, राजनारायण तिवारी, सुभाष तिवारी, शिवजी तिवारी, यादव, दीनानाथ पांडेय, इंद्रजीत तिवारी, शिवकुमार तिवारी, श्रीकांत गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, दिनेश पटेल आदि ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा।