बैरिया (बलिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से न सिर्फ देश की विरोधी पार्टियां घबराई हुई हैं बल्कि कुछ विदेशी ताकतें भी साजिश करने में लगी हैं। उक्त बातें सांसद भरत सिंह ने रविवार को अपने पैतृक गांव नौकाटोला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। कहा कि ईसाई मिशनरियां इस पर करोड़ों डालर खर्च करके मोदी सरकार को बदनाम करके उखाड़ फेंकने की योजना बना रही हैं।
सांसद ने एससी-एसटी एक्ट को लेकर कहा कि कुछ लोग साजिश के तहत भ्रम फैला रहे हैं। कानून में डरने जैसी कोई बात नहीं है। प्रधानमंत्री पर भरोसा करिए। कानून का दुरुपयोग नहीं होगा। कहा कि यह कानून तो पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में ही बन गयी थी, भले ही बीच में इस कानून का संशोधन हुआ। कहा कि सुप्रीमकोर्ट में भी मुकदमा चल रहा है, सुप्रीमकोर्ट इस कानून के दुरुपयोग पर अध्ययन कर रही है। सांसद ने कहा कि मोदीजी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। बलिया के पूर्वी छोर पर सुरेमनपुर में आम जनमानस की भावनाओं को देखते हुए लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस का ठहराव करना जरूरी था। अब 11 सितंबर से डाउन लखनऊ-छपरा सुबह 09.59 पर व अप लखनऊ-छपरा शाम को 08.03 पर रुकेगी और दो मिनट का ठहराव होगा। कहा कि लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस रोकने के लिए रेलमंत्री पीयूष गोयल, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा व रेल राज्यमंत्री राजन गुहाई को इसके लिए आभार है। कहा कि बहुत जल्द गोंदिया सहित अन्य ट्रेनों का भी ठहराव किया जाएगा। इस मौके पर कृष्णनन्द राय, राजेन्द्र चौधरी, प्रदीप सिंह, राजेंद्र सिंह, रामप्रवेश सिंह, मंसूर अहमद, जयराम सिंह आदि रहे।