चिलकहर। प्रधानाध्यापक के निलंबन से नाराज अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र गड़वार के त्रिकालपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर दो पर तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी की। कहा कि जो अध्यापक एक दिन भी पढ़ाने नहीं आते हैं, उन्हें विद्यालय में यथावत रखा गया है, जबकि प्रधानाध्यापक जो कि अपने कर्तव्य का निर्वहन निर्विवाद करते हैं, उन्हें निलंबित कर दिया गया है। ये अन्याय है, हम गांववासी तथा अभिभावकगण प्रधानाध्यापक के साथ हैं और जब तक उनको बहाल नहीं किया जाएगा, तब तक विद्यालय चलने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचे, ऐसे में विद्यालय का समय खत्म होने के बाद अभिभावक अपने-अपने घर को लौट गए। चेताया कि हमारा आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
अभिभावकों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय नंबर दो पर प्रधानाध्यापक के रूप में अनिल कुमार कन्नौजिया तैनात थे, जबकि अध्यापक के रूप में आलोक रंजन तिवारी। अभिभावक के अनुसार, अध्यापक आलोक रंजन कभी भी नियमित तौर पर विद्यालय नहीं आते थे, जिससे पूरे स्कूल की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक के कंधों पर ही थी। ऐसे में प्रधानाध्यापक को सस्पेंड किए जाने के बाद स्कूल की शिक्षा प्रभावित हो गई है। शिक्षक समय पर स्कूल नहीं आ रहे हैं। प्रधानाध्यापक के खिलाफ द्ववेशवश कार्रवाई की गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए। तालाबंदी करने वाले अभिभाव कों में नरेंद्र प्रताप सिंह, सोनू सिंह, सत्येंद्र, दीपक कुमार, राघवेंद्र कुमार राय, अंजनी कुमार आदि रहे।
खंड शिक्षाधिकारी को जांच के लिए भेजा गया है, जो भी न्यायोचित होगा, कार्रवाई होगी। - संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षाधिकारी, बलिया