जिलाधिकारी भवानी सिंह खगारौत ने बताया कि जनपद में 47714 किसानों का 213 करोड़ 26लाख 49 हजार का ऋण माफ किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के 2098 कृषकों का 50 लाख 92 हजार ऋण माफ किया गया है।
उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने व उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने का भरपूर प्रयास किया गया है। इस योजना के तहत तीन विद्युत उपकेंद्रों व 17 पावर परिवर्तकों की क्षमता वृद्धि का कार्य और 295 मजरों में कनेक्टिंग /अनकनेक्टिंग हाउसहोल्ड तक विद्युतीकरण इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए 14 करोड़ 68 लाख 38 हजार अवमुक्त किया गया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि सौभाग्य योजना के अंतर्गत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के गरीब परिवारों को नि:शुल्क कनेक्शन तथा गरीबी रेखा से ऊपर के परिवारों को 50 रुपये के 10 आसान किस्तों में जमा किए जाने पर कनेक्शन दिया जाता है। गांवों में कैंप लगाकर कनेक्शन निर्गत किया जा रहा है। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र में 7441 गरीब परिवार तथा 6065 गरीबी रेखा से ऊपर के कुल 13506 लोगों को लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में 147394 परिवारों को लाभान्वित किए जाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 102739 परिवारों को लाभान्वित किया जा चुका है। मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि गड्ढा युक्त सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने के कार्य में समस्त कार्यदायी संस्थाओं द्वारा 398 सड़कों के 853.751 किलोमीटर लंबाई में कुल 1213.76 लाख व्यय करते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया है। यातायात को सुगम बनाने हेतु केंद्रीय मार्ग निधि के तहत दो सड़कों पर कार्य चल रहा है।