जयप्रकाशनगर। क्षेत्र के करन छपरा गांव स्थित श्री ठाकुरी बाबा मठ पर स्थापित श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी के प्रतिमा के समक्ष स्वामी हरिहरानंद जी महराज द्वारा वर्षों से संचालित हरिनाम संकीर्तन 11 फरवरी को नौवें वर्ष में प्रवेश कर गया। इसके उपलक्ष्य में प्रति वर्ष की भांति 11 फरवरी से ही कई तरह के अनुष्ठान का आयोजन किया गया है, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुभक्त प्रतिदिन अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। सभी अनुष्ठान 21 फरवरी चलते रहेंगे। कर्णछपरा गांव के सुप्रसिद्ध श्री ठाकुरी बाबा मठ पर स्वामी श्री हरिहरानंद जी महराज के सान्निध्य में विगत वर्षों में 36 फीट के आसन जमाये बैठे हुए श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान की प्रतिमा स्थापित की गई है। गांव के भक्तों की मानें तो संगमरमर जड़ित इस प्रकार की प्रतिमा शायद ही देश में कहीं दिख जाए। कर्ण छपरा गांव स्थित ठकुरी बाबा मठ के सदस्यों की मानें तो विगत तीन वर्षों में अब तक कुल साढ़े सात लाख बार हनुमान चालीसा का पाठ किया जा चुका है , इस वर्ष भी वह पाठ अभी जारी है।