बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी विभाग व कल्याणकारी विभागों के अधिकारियों संग शनिवार को बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रति विशेष रूप से डीएम सख्त दिखे। सभी प्रकार की पेंशन के लिए विकास खंड पर गए आवेदनों को शीघ्र अग्रसारित करने की चेतावनी सभी बीडीओ को दी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे मिशन इंद्रधनुष के काम काज की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। नोडल अधिकारी डॉ. राजनाथ को जमकर फटकार लगाते हुए शीघ्र सुधार लाने की चेतावनी दी। जननी सुरक्षा योजना में कम भुगतान होने पर सीएमओ डॉ. सुधीर तिवारी की क्लास लगाई। कहा कि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते रहें क्योंकि स्वास्थ्य विभाग में किसी प्रकार की कमी के लिए सीएमओ की ही जिम्मेदारी तय होगी। ऐसे में सीएमओ अपने विभाग के मातहतों के साथ योजनाओं की समीक्षा करते हुए शासन की मंशा के अनुुरूप लागू कराए। कल्याणकारी विभागों के अधिकारियों से पेंशन व अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी ली। जिला प्रोबेशन अधिकारी से पूछताछ के दौरान संतोषजनक उत्तर नही मिल पाने पर नाराजगी जताई। कहा कि ईश्वर ने इस लायक बनाया है कि असहायों की सेवा कर सकें। इसका लाभ लें और विभागीय कार्यक्रमों द्वारा गरीब असहाय की सेवा कर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन व वृद्धा पेंशन के आवेदन, जो ब्लॉक स्तर पर लंबित हैं उसे शीघ्र अग्रसारित करने के लिए खण्ड विकास अधिकारी को सख्त निर्देश दिया। आंगनबाड़ी कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान जिले भर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण, आधार नामांकन, ग्राम स्वास्थ्य पोषण मिशन व कुपोषण मुक्त गांव में होने वाले कार्य की समीक्षा की। जिला कार्यक्रम अधिकारी व सभी सीडीपीओ को सख्त निर्देश दिया कि इन सभी कार्यक्रमों के प्रति पूरी तरह सजगता से कार्य सुनिश्चित कराएं। बैठक में सीडीओ सन्तोष कुमार, सीआरओ चतुर्भुजी नाथ विश्वकर्मा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।