बलिया। अवैध तरीके से बिहार से लाल बालू लाने और जगह-जगह खनन के मामले में भूतत्व एवं खनिकर्म, आबकारी तथा मद्यनिषेध राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने जिलाधिकारी से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। राज्य मंत्री ने अमर उजाला में दो अगस्त को प्रकाशित खबर का संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की है।
जिले में लाल बालू की तस्करी के बाबत अमर उजाला की ओर से लगातार खुलासा किया गया। आलम यह है कि आज भी प्रांतीय सीमा भरौली स्थित गंगा पुल के रास्ते तथा द्वाबा क्षेत्र में जगह-जगह नदियों के रास्ते बिहार प्रांत से अवैध तरीके से लाल बालू लाने का कारोबार चल रहा है। इसके अलावा द्वाबा से लेकर विभिन्न नदियों के किनारे धड़ल्ले से अवैध खनन का धंधा भी जोरों पर है। कुछ दिन पहले डीएम ने छापेमारी कर नदी किनारे रखे लाखों के बालू को सीज कर नीलामी करने का आदेश भी खनन अधिकारी को दिया था।
उधर, कुछ दिन पहले नरहीं पुलिस ने भी वनकर्मियों की मिलीभगत से सीमा में लाल बालू लेकर आई मिनी ट्रक को पकड़ा था। लगातार किए खुलासा में दो अगस्त के अंक में प्रकाशित खबर को राज्य मंत्री ने संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी को मामले का परीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।