रसड़ा। श्रीनाथ परिसर स्थित एक मैरेज हॉल में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 91 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। समारोह में रसड़ा, नगरा, चिलकहर, सीयर, सोहांव और मनियर ब्लॉक के जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। इसमें रसड़ा के 58, नगरा के 11, चिलकहर के 14, सीयर के छह तथा सोहांव और मनियर के एक-एक जोड़े शामिल रहे। विवाह समारोह में मुख्य विकास अधिकारी और महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि ने नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र के साथ एक-एक पौधा भेंट किया। सरकार की ओर से योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के उपयोग का सामान और निर्धारित नकद धनराशि भी प्रदान की गई।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, अमरेंद्र कुमार, राजन कुमार, वशिष्ठ नारायण सोनी, प्रवीण वर्मा, नित्या सहित भाजपा नेता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।