नगरा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगरा पर शुक्रवार को आयोजित गणित विज्ञान प्रदर्शनी में क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा छठवीं, सातवीं, और आठवीं के बच्चों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। प्रदर्शनी का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी लाल जी शर्मा ने किया।
प्रदर्शनी में बच्चों ने जेसीबी मशीन, सौर ऊर्जा संयंत्र, ज्वालामुखी प्रदर्शन, राकेट, मिसाइल प्रक्षेपण, एयर कूलर, एयर वैक्यूम, लिफ्ट, स्मार्ट सिटी, गणितीय संगणक, थ्रेसिंग मशीन सहित विज्ञान एवं गणित के दर्जनों उपकरणों एवं मशीनों का प्रदर्शन कर अपने प्रतिभा का लोहा मनवाया। खंड शिक्षा अधिकारी लाल जी शर्मा ने अपने संबोधन में बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच एवं राष्ट्र निर्माण में अविष्कारों के प्रति रुचि उत्पन्न करने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन शिक्षकों के सहयोग से किया गया है, वह काबिलेतारीफ है। इससे बच्चों के अंदर विज्ञान एवं गणित के प्रति ललक पैदा होगी।
कहा कि आने वाले दिनों में ये बच्चे निश्चित ही विज्ञान एवं गणित के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे और विश्व मे देश का नाम रोशन करेंगे। अतिथि के रूप में कृपा शंकर पांडेय जिला समन्वयक प्रशिक्षण, अविनाश सिंह, देवेंद्र उपाध्याय सहित तमाम शिक्षकों एवं आम लोगो ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बच्चो से जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी को सफल बनाने में त्रिवेणी सिंह, सुरेंद्र सिंह, रामप्रवेश वर्मा, मजहर आलम की भूमिका सराहनीय रही। संचालन रामकृष्ण मौर्या ने किया।