सुखपुरा। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम लोन लेने वाले किसानों से बैंकों द्वारा फसल बीमा का पैसा काट लिया जाता है। लेकिन किसान को इसका लाभ बैंक नहीं देते। इसको लेकर किसानों ने कोर्ट में जाने का मन बनाया है। किसान बसंत सिंह का कहना है कि केसीसी के माध्यम से जब लोन लिया जाता है तो बैंक बीमा का पैसा काट लेती है, लेकिन आज तक बैंक के अधिकारी यह पता करने खेत में नही जाते है कि किसानों की फसल की स्थिति क्या है। किसान हरेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों को केसीसी का पैसा लेने में बैंक की तरफ से तरह तरह के पैसा किसानों के लोन में से काट लिया जाता है लेकिन किसानों को इसका लाभ नहीं मिलता है। उनका कहना है कि बैंक फसल बीमा किस लिए करती है। बैंक प्रबंधन यह बताने को तैयार नही है। इसी साल सूखे की वजह से धान का फसल बर्बाद हो गया लेकिन बैंक यह पता नहीं करा रही है। कहा कि इसके लिए उन्होंने उच्च न्यायालय मे याचिका दायर करने का मन बनाया है।