बलिया। जिले के नौ ब्लॉकों के 423 गांवों को डिजिटल इंडिया के तहत जोड़ने का सपना करीब ढाई साल बाद भी साकार नहीं हो सका। किसी गांव को वाई-फाई कनेक्टिविटी नहीं मिल सकी है। कहीं बीएसएनएल का ओएफसी खराब है, तो किसी भी गांव के लिए सरकार की ओर से अभी तक रूटर उपलब्ध नहीं कराया गया है। मशीनें धूल फांक रही हैं। जबकि अगस्त तक गांवों में सभी जरूरी डिवाइस लगने का दावा किया गया था।
डिजिटल इंडिया के तहत गांवों को हाई स्पीड इंटरनेट से जोड़ने की तैयारी करीब ढाई साल पहले शुुरू हुई थी। इसके लिए सबसे पहले गांवों तक इंटरनेट सेवा पहुंचाने के लिए बीएसएनएल की ओर से आप्टिकल फाइबर केबिल (ओएफसी) लगाने का काम शुरू किया गया। यह भी प्रावधान किया गया कि गांवों में स्थित पंचायत भवनों तक इंटरनेट केबिल लगेगा और जिन गांवों में पंचायत भवन नहीं होंगे वहां प्राथमिक विद्यालय तक ओएफसी लगाकर इंटरनेट सेवा की व्यवस्था की जाएगी। जुलाई 2017 में बीएसएनएल की ओर से दावा किया गया कि पहले चरण में नौ ब्लॉकों के 423 गांवों तक इंटरनेट सेवा पहुंचा दी गई है और विभागीय अधिकारियों की ओर से इसकी टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। भारत सरकार के निर्देश पर इन गांवों को डिजिटल इंडिया से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। ई-गवर्नेन्स के जिला प्रबंधक ने भी दावा किया था कि संबंधित गांवों के पंचायत भवन या प्राथमिक विद्यालय पर अन्य डिवाइस लगाने का काम भी शुुरू कर दिया गया है। यह भी बताया था कि पांच अगस्त तक सभी तरह के डिवाइस लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा और इसकी टेस्टिंग कर अंतिम रूप दिया जाएगा। लेकिन आज भी गांवों में स्थिति ज्यों की त्यों है। ओएफसी पहुंचाने का काम भी सही तरीके से नहीं किया गया है और जहां ओएफसी पहुंचा है, वहां भी कनेक्टिविटी नहीं मिलती है। ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक की मानें तो गांवों को वाई-फाई सुविधा देने के लिए वाई-फाई मशीनेें व अन्य उपकरण लगा दिए गए हैं, लेकिन रूटर अभी नहीं मिलने के कारण गांवों को यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। बताया कि ओएफसी में जहां-तहां दिक्कत है जिसका मरम्मत बीएसएनएल की ओर से कराया जा रहा है।
इनसेट...
कई गांवों में नहीं लग सके हैं सोलर पैनल
बलिया। डिजिटल इंडिया के तहत गांवों में इंटरनेट सेवा से संबंधित सभी तरह के डिवाइस को सौर ऊर्जा से संचालित करने का प्रावधान है। इसके लिए संबंधित गांवों में उच्च क्षमता के सोलर पैनल लगाने का काम अभी भी चल रहा है। हालांकि कई गांवों में अभी तक सोलर पैनल भी नहीं लग सके हैं।
इनसेट...
इन ब्लॉकों के गांवों में चल रही तैयारी
बलिया। डिजिटल इंडिया के तहत नौ ब्लाकों के 423 गांवों में वाई-फाई सुविधा देने का प्रावधान किया गया था। इसमें बेलहरी ब्लॉक के 31 गांव हैं। इसके अलावा बेरुआरबारी के 34, गड़वार के 64, हनुमानगंज के 54, मुरलीछपरा के 24, नगरा के 82, नवानगर के 47, पंदह के 42 तथा सोहांव के 45 गांव हैं।
वर्जन
डिजिटल इंडिया से गांवों को जोड़ने का कार्य चल रहा है, जो अंतिम दौर में है। गांवों में अधिकांश मशीनें लगा दी गई हैं, लेकिन रूटर के उपलब्ध नहीं होने के कारण वाई-फाई सुविधा शुरूनहीं हो पा रहा है। इस माह के अंत तक गांवों में वाई-फाई की सुविधा मिलने लगेगी।
कौशलेंद्र राय
जिला प्रबंधक, ई-गवर्नेन्स, बलिया