बैरिया। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के घोषण किए 22 दिन बीत गए, लेकिन अभी तक लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस का ठहराव सुरेमनपुर स्टेशन पर शुरू नहीं हो सका है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी है।
गौरतलब हो कि रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा विगत तीन मार्च होली मिलन समारोह के दौरान सुरेमनपुर रेलवे स्टेेशन पर एक सप्ताह के अंदर लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस के ठहराव की घोषणा की थी। इससे लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। क्योंकि वर्षों से क्षेत्र के लोग, व्यापारी सुरेमनपुर में लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस, गोंदिया, जनसाधारण, गरीबनवाज, गंगा काबेरी, गाजीपुर कोलकाता, हरिहरनाथ आदि ट्रेनों की ठहराव की मांग करते रहे। ऐसे में रेल राज्यमंत्री घोषणा से उम्मीद की नई किरण जगी थी। लेकिन एक के बाद एक दिन जैसे-जैसे बीतता जा रहा है। लोग भी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उधर इसको लेकर व्यापारी भी आंदोलन के मूड में है। रानीगंज युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन गुप्ता ने चेतावनी दी है यदि अति शीघ्र घोषणा के अनुरूप लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस का ठहराव नहीं हुआ तो हम व्यापारी अब आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे। इस बाबत स्टेशन अधीक्षक एपी मिश्र ने बताया कि अभी उनके पास कोई गाइड लाइन नहीं आया है, जिस कारण अभी ठहराव यहां नहीं हो रहा है।