अपने हक की लड़ाई लड़ रहे क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बीडीसी प्रभाकर सिंह छोटू के नेतृत्व में मंगलवार को राज्यपाल एवं सीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को सौंपा।
इस दौरान सदस्यों ने कहा कि संबंधित ग्रामसभा में जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का चयन क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी ) की उपस्थिति में खुली बैठक में कराया जाय। ग्राम पंचायत में तीन साल से अधिक कार्यकाल पूर्ण कर चुके विभागीय कर्मचारियों का शीघ्र तबादला किया जाय। क्योंकि इसकी सांठगांठ से योजना मूर्त रूप पाने में असफल है। ग्रामसभा में गरीबों के लिए वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न के लिए ब्लाक मुख्यालय से पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाते हैं। लेकिन मौके पर कोई भी उपस्थित नहीं रहता। कमीशन के लिए बंद कमरे में इनके द्वारा वितरण की पुष्टि की जाती है। इस पर अंकुश लगाने के लिए पर्यवेक्षक के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र पंचायत सदस्यों बीडीसी की उपस्थिति सुनिश्चित किया जाय। ग्रामसभा में शौचालय निर्माण में शासन-प्रशासन द्वारा पानी की तरह धन बहाया जा रहा है। लेकिन शासन के मानक के अनुसार जिले में कोई भी शौचालय निर्माण नहीं कराया जा रहा है। जिसमें प्रचार-प्रसार व शौचालय निर्माण के लाभार्थियों की सूची संबंधित क्षेत्र पंचायत सदस्य को सत्यापन के लिए उपलब्ध कराया जाय। ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास/ सीएम आवास के लाभार्थियों का चयन चयन चयनित सूची से संबंधित क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अवगत कराया जाय। जिससे सरकार का नारा सबका साथ, सबका विकास साकार हो सके।