बेल्थरारोड। मानव धर्म प्रसार समाज सेवी संस्था के संयोजक विनोद कुमार यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में चिकित्सकीय सुविधाओं की बदहाल स्थिति, भ्रष्टाचार और दवाओं की अनुपलब्धता की शिकायत करते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की है । पत्र में उल्लेख है कि अस्पताल भ्रष्टाचार के केंद्र के रूप में तब्दील हो गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति के चलते सरकारी सुविधाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पाता । एंटी रैबिज इंजेक्शन के नाम पर धन उगाही की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के चक्कर में मरीजों को बाहरी जांच केंद्रों पर पैथालॉजी जांच कराने के लिए दबाव बनाया जाता है। सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित योजनाओं में लूट-खसोट मची हुई है। पत्र में कहा गया कि पूर्व में अस्पताल पर व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच में अधिकारियों द्वारा लीपापोती कर दी गई ।प्रकरण की जांच कर स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की ।