बेल्थरारोड। विधायक धनंजय कनौजिया ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास से संबंधित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म विस्तार के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों में अनियमितता पर विधायक ने नाराजगी जताई तथा गुणवत्ता परक निर्माण करने को कहा। विधायक कनौजिया ने बताया कि निर्माण कार्यों में मानक की अनदेखी की जा रही है ।लाल बालू के स्थान पर सफेद बालू और सीमेंट का घटिया मिश्रण का निर्माण किया जा रहा है। बाउंड्री दीवार के निर्माण में अनियमितता को देख विधायक बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक के पास गिरी पुरानी गिट्टी को मिलाकर बाउंड्री दीवार का निर्माण किया जा रहा है ।ऐसे में निर्माण के कुछ ही दिनों में दीवार भरभराकर ढह जाएगी ।उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। विधायक ने दूरभाष पर मंडल रेल प्रबंधक से वार्ता करके गुणवत्तापरक निर्माण कराने को कहा ।