लालगंज। विकास खण्ड मुरली छपरा में राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हुए लगभग एक साल से अधिक हो गया है, लेकिन किसी भी पंचायत का राशन कार्ड अब तक नहीं बन पाया है। राशन के अभाग में पात्र अभ्यर्थियों को खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर कार्ड धारकों में रोष व्याप्त है।
पिछले साल खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू होनेे के बाद विकास खंड मुरली छपरा में पुराने बने राशन कार्डो का अस्तित्व समाप्त हो गया है। आनन-फानन में तीन महीने के लिए पात्र गृहस्थी के नाम पर नेट पर एक सूची डाल दी गयी। जिसको आधार मानकर वितरण शुरू कर दिया गया था। इसमें विसंगतियों के चलते फिर सर्वे कर सही रूप से राशन कार्ड बनाने की बात की गयी। यह प्रक्रिया शुरू हुए लगभग एक साल से अधिक हो गए, लेकिन अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाए। इस बाबत एसडीएम बैरिया राधेश्याम पाठक ने बताया कि राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू है, जल्द ही राशन कार्ड बन जायेगा।