बलिया। रक्षाबंधन त्योहार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बदबूदार एवं मक्खी युक्त मिठाई, छेने के रसगुल्ला एवं लालमोहन को नष्ट कराया साथ ही सात नमूने संग्रहित किये।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय जेपी सिंह ने नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान के तहत संदीप स्वीट, मिश्रवलिया चौराहा बाँसडीह से छेना रसगुल्ला, लालमोहन मिठाई, स्किम्ड मिल्क पाउडर एवं गुलाबजामुन मिक्स पाउडर के चार नमूने संग्रहित किए।
निरीक्षण के दौरान लगभग 75 किग्रा बदबूदार एवं मक्खी युक्त मिठाई छेना रसगुल्ला एवं लालमोहन पाई गई, जिसे मौके पर गड्ढा खोदवार उसमें नष्ट कराया गया।
टीम बंगाली कोलकाता स्वीट, अम्बेडकर तिराहा, बाँसडीह से खोया का एक, मद्धेशिया मिष्ठान भण्डार टीका देवरी, रसड़ा से लालमोहन मिठाई का एक, पूजा स्वीट भण्डार, डेहरी, रसड़ा से बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया। संग्रहित किए गए नमूनों को जांच हेतु राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है।
टीम में सीएफएसओ हरेंद्र सिंह, एफएसओ अखिलेश मौर्य, सतीश कुमार सिंह, राकेश एवं पुरंदर यादव शामिल रहे।