चितबड़ागांव। स्थानीय नगर पंचायत अंतर्गत मुख्य बाजार में सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण व जाम के कारण प्रतिदिन राहगीरों को तो भारी फजीहत का सामना करना पड़ता ही है। साथ-साथ दूकानवालों को भी परेशानी होती है। पहले केवल बुधवार व रविवार को बाजार के दिन ही जाम लगता था, लेकिन आज कल प्रतिदिन लगभग चार-पांच बार जाम के झाम का सामना सबको करना पड़ रहा है। 22 दिसंबर को नगर के समस्त सर्राफा व्यवसायियों के साथ एक प्रतिनिधिमंडल उमेश चंद सर्राफ के नेतृत्व में मुख्य बाजार के दोनों पटरियों पर किए गए अतिक्रमण व आए दिन जाम के झाम विषयिक शिकायती पत्रक नवनिर्वाचित चेयरमैन केशरी नंदन त्रिपाठी को सौंपा। उक्त प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से महेश सर्राफ, दिनेश चन्द सर्राफ, अरविंद कुमार सोनी, प्रेमचंद सर्राफ, राजेश सोनी, श्रीराम सर्राफ, गंगा प्रसाद सर्राफ,रामजी सर्राफ ,रामबाबू सर्राफ, बृजेश कुमार वर्मा इत्यादि उपस्थित रहे ।