बलिया। जनपद में संचालित साक्षर भारत योजना का संचालन 30 सितंबर के बाद नहीं किया जाएगा। इसके लिए भारत सरकार ने समयवृद्धि नहीं दिया है। इसके चलते योजना के तहत संविदा पर कार्यरत जिला समन्वयक, ब्लाक समन्वयक और प्रेरकों की संविदा भी 30 सितंबर के बाद नहीं बढ़ाई जाएगी। इससे कुल 1651 संविदाकर्मियों के नवीनीकरण पर ग्रहण लग सकता है। इस बाबत साक्षरता व वैकल्पिक शिक्षा के निदेशक अवध नरेश शर्मा ने पत्र जारी कर सभी जिला लोक समिति के सचिव को अवगत कराया है।
ग्रामीण इलाकों में साक्षरता को गति देने के लिए वर्ष 2010 में साक्षर भारत योजना का संचालन शुरू किया गया। इसके तहत संविदा के आधार पर तीन जिला समन्वयक, 44 ब्लाक समन्वयक व 1666 प्रेरकों की तैनाती की गई। हालांकि वर्तमान में जिला समन्वयक के एक, ब्लाक समन्वयक के तीन व प्रेरकों के 58 पद खाली हैं। समय पर योजना के संचालन के लिए भारत सरकार की ओर से समयवृद्धि की गई और इसके आधार पर ही संविदाकर्मियों की भी अवधि बढ़ती गई। अंतिम बार सरकार ने पांच अप्रैल 2017 को 30 सितंबर 2017 तक की समयवृद्धि दी। साक्षरता व वैकल्पिक शिक्षा के निदेशक ने पत्र जारी कर बताया है कि भारत सरकार की ओर से समययवृद्धि नहीं दी गई है। इसके चलते 30 सितंबर के बाद किसी संविदाकर्मी के संविदा का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। यह भी निर्देश दिया है कि 30 सितंबर के बाद इस योजना के तहत किसी भी मद में कोई व्यय नहीं किया जाएगा।
वर्जन =
जनपद में संचालित साक्षर भारत योजना के तहत संविदा कर्मियों का एक्सटेंशन बढ़ाने को लेकर अभी तक कोई निर्देश नहीं आया है। हालांकि 30 सितंबर तक ही उनकी समयावधि है।
= संतोष कुमार राय, बीएसए, बलिया