बलिया। माडल स्टेशन पर सुविधाओं को लेकर रेल महकमा लाखों रुपये खर्च कर रहा है लेकिन उसकी देख रेख व्यवस्थित ढंग से नहीं हो रही है। े प्लेटफार्म से लेकर यात्री प्रतिक्षालय तक में स्टील की कुर्सियां लगाई गई हैं, जो देखरेख के अभाव में टूट चुकी हैं। विभागीय उदासीनता रेल यात्रियों पर भारी पड़ रही है।
विभागीय कर्मचारियों की उदासीनता का आलम यह है कि विश्रामालय में लगी फैंसी कुर्सी का पाया टूट कर जहां बिखर गया है। वहीं फूटब्रिज की सीढ़ी से लोहे की चादर बाहर निकल आई है, जो हर वक्त हादसे को दावत दे रहा है। प्लेटफार्म नंबर वन के आउट साइड में बने विश्रामालय सांसद भरत सिंह के अथक प्रयास से स्टील की कुर्सियां लगाए अभी एक साल भी बीता नहीं की, सारी कुर्सियाें का पाया टूट गया है। कुर्सियों के नीचे ईंट लगाकर किसी तरह विभाग काम चला रहा है।
स्थानीय निवासी राम सरोज, राजेश यादव, परमेश्वरी देवी, श्वेता सिंह का कहना है कि रेल महकमा संसाधन भले ही उपलब्ध करा दे, लेकिन उसकी देखरेख पर भी अवश्य ही ध्यान देना चाहिए। स्थानीय स्टेशन पर कुर्सिंया टूटे हुए कई दिन हो गए लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इसी तरह फुट ओवर ब्रिज की सीढ़ी का ग्रिल निकला हुआ है, जिसमें फंसकर आए दिन लोग चोटिल भी हो रहे हैं लेकिन उसकी मरम्मत भी नहीं कराई जा रही है।