बलिया। रोडवेज बस में यात्रा के दौरान असुविधाओं को लेकर यात्री चाहे जितना आक्रोश जताते हैं पर होता वह क्षणिक ही है। मौके पर नाराजगी जता कर लोग आगे बढ़ जाते हैं। असुविधाओं का पूरा निदान हो इसके लिए वे कोई पहल नहीं करते हैं। यही कारण है कि 11 माह में सफर करने वाले लाखों यात्रियों में मात्र 65 यात्रियों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इसमें भी पैसे के लेनदेन की शिकायत अधिक रहीं, व्यवस्था सुधारने और यात्रा में सुविधाओं के बाबत शिकायतों की संख्या बहुत कम रहीं।
यात्रियों को बस में यात्रा के दौरान कोई असुविधा हो तो इसकी शिकायत परिवाद पुस्तिका में दर्ज कराएं। यह परिचालक के पास उपलब्ध है। सालों पहले करीब हर सरकारी बस में यह सूचना लिखी होती थी। पर यात्रियों द्वारा शिकायत पुस्तिका की मांग करने पर परिचालक बहाने बना दिया करते थे। इस समस्या से निबटने के लिए परिवहन निगम ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था शुरू कर दी। अब यात्री टोल फ्री नंबर 18001802877 व 149 पर शिकायत कर सकते हैं। एआरएम के अनुसार ये नंबर रोडवेज बसों में अंकित करा दिए गए हैं। इसके अलावा आईजीआरएस, परिवहन निगम की ओर से व्हाट्स एप नंबर 9415049606 व बलिया एआरएम के सीयूजी नंबर पर शिकायत करने की भी व्यवस्था उपलब्ध है। ऑनलाइन शिकायतें सबसे पहले परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंचती हैं वहां से ई-मेल के जरिए एआरएम के कार्यालय को प्राप्त होती है। यहां दोनों पक्षों को बुलाकर शिकायत का निस्तारण किया जाता है। एआरएम के मुताबिक एक जनवरी से अब तक 11 माह में कुल 65 शिकायतें आईं जिनका निस्तारण कर दिया गया है। इनमें सबसे अधिक शिकायतें परिचालक की ओर से टिकट पर लिखे होने के बावजूद पैसा न लौटाने की रही। दोनों पक्षों को बुलाने पर परिचालक दोषी नहीं मिला और पैसा वापस कराया गया। अधिकांश मामलों में यात्रियों ने भी अपनी लापरवाही को स्वीकार किया।
- कोट -
यात्रियों की ओर से शिकायत दर्ज कराने के लिए अब बसों में टोल फ्री नंबरों का अंकन होता है। ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण दोनों पक्षों को बुलाकर किया जाता है। वर्तमान में कोई शिकायत लंबित नहीं है।-सुभाष राय, एआरएम, रोडवेज, बलिया