बैरिया। बैरिया रानीगंज मार्ग के बीबी टोला के भागड़ नाले पर बन रहे पुलिया के निर्माण में गंगा बालू इस्तेमाल की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने रविवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया। विधायक ने मौके पर मौजूद एसडीओ से पूछताछ के बाद निर्माण में लगी सामग्री को जांच के लिए लैब में भेजने का निर्देश दिया।
बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह से रानीगंज बाजार व आसपास के लोगों ने शिकायत की था कि बीबी टोला भागड़ नाले में बन रहे पुलिया में मानक की अनदेखी की जा रही है। वहां मौके पर सफेद बालू रखा गया है और उसी से जोड़ाई हो रही है। लोगों ने यह भी बताया कि दूसरे दर्जे के ईंट प्रयोग हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि पुलिया की नींव भी काफी कमजोर है और बगैर सरिया के ही सतह से महज ढाई मीटर गहराई से ही पुलिया का बेस बना है। शिकायत पर पहुंचे विधायक ने वहां मौजूद लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता से पूछताछ की। सहायक अभियंता से कहा कि यहां पर अधिशासी अभियंता को बुला लें और रोज का कार्य जेई की मौजूदगी में होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो सामग्री जांच के लिए भेजी जा रहा है अगर गलत मिली तो सारे कराये गये कार्य को तोड़वाकर पुन: निर्माण कार्य कराया जाएगा। बताया जाता है कि लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से सुरेमनपुर बैरिया मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसके तहत ही भागड़ नाला पर पुलिया निर्माण हो रहा है। इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।