बलिया। शहर के अंदर मनमाने ढंग से सड़कों पर स्थापित वाहन स्टैंडों को जिला प्रशासन द्वारा शहर से बाहर करने के निर्णय को आम नागरिकों व सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है। इस संबंध में गुरुवार को जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत से मिलकर अब तक मालगोदाम से वाहन स्टैंड न हटाने को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद माल गोदाम और शीश महल एवं गोला रोड के लोगों की बैठक जन अधिकार मंच के कैंप कार्यालय पर आयोजित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनाधिकार मंच के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने कहा कि लंबे समय से शहर के अंदर जाम, अतिक्रमण व यातायात दुर्व्यवस्था का दंश आम नगरवासी झेल रहे थे। जिला प्रशासन के इस निर्णय से निश्चित तौर पर आम नागरिकों को राहत मिली है। इस संदर्भ में मालगोदाम, शीशमहल क्षेत्र के आसपास के बस, टेंपो, जीप स्टैंड अभी तक न हटाने को लेकर लोगों ने रोष व्यक्त किया। कहा कि जनपद में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी के कार्यकाल से ही वाहन स्टैंड व यातायात व्यवस्था के संबंध में नियोजित व्यवस्था लागू की गई थी। लेकिन वर्तमान समय में निजी वाहन स्वामियों ने पूरी यातायात व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। कहा कि मालगोदाम क्षेत्र एनएच-31 पर बिना परमिट के दर्जनों टेंपो, जीप, बस का संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। जिससे हजारों रूपये राजस्व का नुकसान भी जिला प्रशासन को हो रहा है। यहीं नहीं सभी वाहन एनएच-31के दोनों पटरियों पर स्टेशन से लेकर सतीश चंद्र कालेज चौराहा तक मनमाने ढंग से खड़े किए जाते हैं। साथ ही मालगोदाम, एलआईसी रोड, शीशमहल के सामने की पूरी सड़क तथा जापलिनगंज दुर्गा मंदिर की पूरी सड़क अवैध डग्गामार वाहनों का पड़ाव स्थल बन जाता है। इस मौके पर धर्मेंद्र तिवारी, ब्रजेश सिंह, विनोद वर्मा, मुुकेश वर्मा, अमित कुमार, संदीप कुमार, गणेश जी, विनय कुमार, सरदार कुलदीप सिंह, राजीव पांडेय, सभासद प्रतिनिधि हीरालाल आदि रहे।