बलिया। विभिन्न मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर सोमवार को चौथे दिन माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के शिक्षकों का धरना जारी रहा। शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संगठन के जिलाध्यक्ष केके पांडेय ने कहा कि शिक्षकों की दुर्दशा के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक का गैर जिम्मेदाराना व पलायनवादी रवैया है। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि हमारे आंदोलन का संज्ञान लेते हुए शिक्षा निदेशक ने पत्र जारी किया है। इससे साफ है कि आंदोलन रंग लाने लगा है। जय नारायण राय ने कहा कि शिक्षक और कर्मचारी एकजुट नहीं रहेंगे तो संघर्षों से प्राप्त की गई उपलब्धियां छीनी जा सकती हैं। इस मौके पर विवेक कुमार सिंह, यादवेंद्र उपाध्याय, अरिवंद राय, डा. शिवकुमार मिश्र, रामायण सिंह, विष्णुदेव राय, रविंद्र नाथ, हरेंद्र कुमार सिंह, शशिशंकर तिवारी, संतोष कुमार चौबे, अरुण कुमार शुक्ल, अखिलेश मिश्र आदि थे। संचालन धर्मनाथ सिंह ने किया।