बैरिया। लिंग परीक्षण की शिकायत मिलने पर मंगलवार को कस्बा स्थित स्टार अल्ट्रासाउंड सेंटर पर तहसीलदार शशिकांत मणि व चिकित्साधिकारी सोनबरसा आशीष कुमार श्रीवास्तव ने छापेमारी की। इस दौरान अल्ट्रासाउंड सेंटर की संचालक शमा परवीन व रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिला, जबकि रजिस्ट्रेशन की अवधि भी समाप्त मिली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के चिकित्साधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उपजिलाधिकारी के यहां शिकायती पत्र दिया गया था, जिसमें अल्ट्रासाउंड सेंटर पर लिंग परीक्षण करने के साथ ही बिना डिप्लोमा व डिग्री के अल्ट्रासाउंड का संचालन किये जाने का आरोप था। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड संचालक को आदेश दिया गया है कि रजिस्ट्रेशन रिन्युअल होने तक अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद रखे, अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई होगी।