बेल्थरारोड। बस स्टेशन के निकट नगर पंचायत द्वारा निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र निर्माण पूर्ण होने की बाट जोह रहा है। सामुदायिक केंद्र (मैरिज हॉल) का शिलान्यास 21 फरवरी 2013 को किया गया। इसके बाद निर्माण शुरू हुआ , लेकिन पिछले छह माह से निर्माण ठप है। कारण काश्तकारों द्वारा अपनी आराजी आ जाने से कोर्ट से स्थगन आदेश लिया जाना है।
उल्लेखनीय है कि बस स्टेशन के पास करीब छह डिस्मिल भू-भाग में सामुदायिक केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 15 लाख से बनने वाले मैरिज हाल के निर्माण की प्रक्रिया शुरु की गई। नगर पंचायत की ओर से बाउंड्री, गेट और अन्य निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। करीब छह लाख रुपया व्यय करने के बाद आसपास के काश्तकारों से भूमि को लेकर विवाद हो गया। बताया जाता है कि काश्तकारों की भूमि की अराजी पर निर्माण चल रहा था, लिहाजा कोर्ट के स्थगन आदेश पर मैरेज हाल का निर्माण ठप हो गया। भूमि संबंधी स्वामित्व के विवाद के फलस्वरुप निर्माण ठप हो जाने से मैरिज हाल बनने का सपना अधूरा रह गया। अब देखना यह है कि शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत की नई कमेटी द्वारा मैरिज हॉल का निर्माण पुन: शुरू किए जाने की दिशा में क्या कार्रवाई की जाएगी ।