बलिया। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से शुक्रवार को लोगों ने राहत मिली। तड़के सुबह पूर्वा हवा के साथ बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे, वहीं दूसरी ओर बारिश होने से सड़कों पर भी पानी भर गया। नालियां जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है। जिससे नारकीय स्थिति कायम हो गई है। नालियों की सफाई नहीं होने से लोगों को बारिश की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
25 वार्डों का नगर पालिका में नाले एवं नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। थोड़ी बारिश होने पर भी नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। शुक्रवार को सुबह हुई जोरदार बारिश से नगर के काशीपुर, गुदड़ी बाजार, सतनीसराय इत्यादि मोहल्लों में सड़कों पर पानी भर गया। नालियों का गंदा पानी बरसात के पानी के साथ सड़कों पर बह रहा था। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों की शिकायत पर बाद में नगर पालिका के सफाई कर्मी कुछ मोहल्ले में पहुंचे तथा नालियां की सफाई कर पानी निकासी की व्यवस्था की। वहीं, दूसरी ओर बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। इस समय में खेतों में फसल के लिए पानी की सख्त आवश्यकता थी। धान और बाजरा की फसल के लिए बारिश का पानी सुखद अहसास कराने वाला है। किसानों की काफी हद तक समस्या दूर हो गई। धान के खेत पानी की कमी की वजह से पीले पड़ रहे थे, लेकिन शुक्रवार की जोरदार बारिश संजीवनी साबित होगी।
इनसेट=
चंद्रशेखर नगर में नाली सफाई की समस्या
बलिया। नगर के प्रमुख रिहायशी मोहल्लो में चंद्रशेखर नगर का खास स्थान है। इस मोहल्ले में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री नारद राय समेत अन्य बड़ी हस्तियों का आवास है। लेकिन इस मोहल्ले में भी नाली सफाई की समस्या गंभीर बनी हुई है। पिछले एक माह से नाली का गंदा पानी सड़कों पर बहता है लेकिन नगर पालिका के सफाई कर्मियों के कान में जूं तक नहीं रेंगता। स्थानीय निवासी सुग्रीव सिंह, एमएन उपाध्याय, घनश्याम राय का कहना है कि नाली सफाई की समस्या को लेकर नगर पालिका के ईओ से कई बार शिकायत की गई लेकिन अभी तक इसका स्थाई समाधान नहीं हो सका। नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जब इस रिहायशी मोहल्ले में सफाई का यह आलम है तो अन्य मोहल्लो में सफाई की व्यवस्था कैसी होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।