बलिया। जिले के 108 ग्राम पंचायतों के 164 गांवों को मॉडल ओडीएफ बनाने को लेकर कार्रवाई जारी है। इन गांवों को साफ-सुथरा रखने के लिए कूड़ा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा, अन्य कार्य भी होने हैं। पूर्व में 147 ग्राम पंचायतों के लिए शासन की ओर से धन जारी किया जा चुका था। पंचायती राज विभाग की ओर से शेष 17 गांवों का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने 15 गांवों के लिए भी छह करोड़ दो लाख 45 हजार 175 की धनराशि जारी कर दी है। अब इन गांवों में भी कूड़ा संयंत्र लगाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन के ओडीएफ प्लस के तहत चयनित 108 ग्राम पंचायतों के 164 गावों में कूड़ा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। यह सभी गांव पांच हजार से अधिक आबादी वाले हैं। इन गांवों में बुलंदशहर जिले के शहजादपुर कनैनी मॉडल संयंत्र लगेगा। इसके तहत, ओडीएफ स्थायित्व, ठोस और तरल अपशिष्ट, प्लास्टिक, गोबर इत्यादि के प्रबंधन हेतु निर्मित शौचालयों का समुचित उपयोग निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्रयोग और रखरखाव, प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा संग्रहण केंद्र, कूड़ा संग्रहण हेतु ई-रिक्शा वाहन, खाद गड्ढे, सोख्ता गड्ढे और कम से कम एक तालाब में गंदे और काले पानी के प्रवाह को रोकने की व्यवस्था, विकास खंड स्तरीय प्लास्टिक एकत्रीकरण एवं प्रबंधन केंद्र, गोबरधन, नाला/नाली, लीच पिट गतिविधियों का संचालन किया जाना है। पूर्व में शासन ने 147 गांवों के लिए 110 करोड़ रुपये जारी किए थे। शेष 17 गांवों का प्रस्ताव जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से भेजा गया था। इसके सापेक्ष शासन ने 15 गांवों के लिए छह करोड़ दो लाख 45 हजार 175 की धनराशि उपलब्ध करा दी है। धन मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में यह गांव साफ सुथरा दिखेंगे।
डीपीआरओ यतेंद्र सिंह ने बताया कि ओडीएफ प्लस के तहत गांवों की कार्ययोजना स्वीकृत हो चुकी है। शासन से धनराशि मिली है। इन गांवों में जमीन की पड़ताल करने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही धरातल पर योजनाएं उतरेंगी।