बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार शाम सभागार में सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। कान्हा गौशाला के निर्माण के लिए बलिया, रसड़ा, मनियर, सिकंदरपुर, बैरिया, नगरा और रतसर कला में वित्तीय वर्ष 2023-24 में लगभग 10 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करते हुए रुपए 5.5 करोड़ धनराशि जारी की गई थी। अभी तक कार्य प्रारंभ न कराए जाने पर कड़ी नाराजगी प्रकट की। अधिशासी अधिकारियों को भूमि आदि की आ रही समस्याओं का उप जिलाधिकारियों के माध्यम से निस्तारण कराते हुए 15 जून के अंदर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
नगर निकायों में एमआरएफ सेंटर की स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर पंचायत नगरा, मनियर व चितबड़ागांव में नहीं बना है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने तथा जिन नगर निकायों में एमआरएफ सेंटर बन गया है, विद्युत कनेक्शन आदि कराते हुए 15 जून तक क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। वंदन योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण कराए जाएं। आकांक्षी नगर योजना की समीक्षा के दौरान पाया कि शासन से धनराशि आवंटित होने के बाद भी अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। एक सप्ताह के अंदर सभी आरओ वाटर कूलर का सत्यापन करते हुए खराब को ठीक कराने के निर्देश दिया। बहुत दिनों से खराब ट्यूबवेल को अभी तक ठीक न कराने पर नाराजगी जताई।। अधिशासी अधिकारी व अवर अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए। मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन सहित आदि उपस्थित रहे।