बलिया। लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 24 मतदान कार्मिकों को सीडीओ ने चेतावनी दी है। अनुपस्थित मतदान कार्मिकों में 18 पीठासीन व छह मतदान अधिकारी प्रथम शामिल हैं। सीडीओ ने सभी को चेताते हुए कहा कि वे 23 तक चलने वाली ट्रेनिंग में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर लें अन्यथा कार्रवाई के लिए विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
टीडी कॉलेज के 14 कक्षों में शुक्रवार को मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया की अहम जानकारी दी । उनके सहयोग में डीआईओएस भास्कर मिश्र, बीएसए संतोष राय, दिव्यांग जनसशक्तिकरण अधिकारी केके राय व कृषि अधिकारी विकेश कुमार पटेल थे। अधिकारियों ने एक बार फिर दोहराया कि इस बार आई आधुनिक तकनीक की वीवीपैट मशीन के रखरखाव के प्रति विशेष ध्यान देना होगा। रखरखाव में बरती जाने वाली सावधानियों को बताया और पूरी जानकारी से स्पष्ट हो जाने को कहा। विभिन्न प्रकार के मत व आचार संहिता के अनुपालन से जुड़ी बातें भी बताई गई। डीडीओ शशिमौलि मिश्र भी साथ थे।