सिकंदरपुर। न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सिकंदरपुर पुलिस ने गुरुवार की देर शाम थाना क्षेत्र के पल्टूपुर ईसारपीथा पट्टी गांव के तीन लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार नगरा थाना क्षेत्र के खारी गांव निवासी मुन्ना यादव पुत्र रामदीन यादव ने सीजीएम बलिया के यहां 156 (3) का परिवाद दाखिल कर अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि उसके भाई संजय यादव की ससुराल सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के पलटूपुर ईसारपीथा पट्टी गांव में शिवमुनि यादव के घर है। जहां भाई रहता था। 22 अप्रैल 2018 को उसे खाने में जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई।
बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी पुलिस द्वारा केवल पोस्टमार्टम कराकर छोड़ दिया गया। लेकिन मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया। जिसके बाद वादी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इस मामले में न्यायालय ने सुनवाई करने के बाद सिकंदरपुर पुलिस को मुकदमा पंजीकृत करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस ने मृत संजय यादव की पत्नी अनीता देवी, शिवमुनि यादव पुत्र रघुपति यादव, सुरेंद्र चौहान पुत्र राज किशोर चौहान ग्राम पलटूपुर ईसारपीथा पट्टी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।