बलिया। सिकंदरपुर क्षेत्र उपकेंद्र से संबद्ध 33 केबी केंद्रों की बिजली आपूर्ति चार से नौ फरवरी तक आपूर्ति ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के काम करने के कारण बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता खालिद फजल ने बताया कि इस उपकेंद्र से जुड़े केन्द्रों को दो ग्रुपों में बांटा गया है और यहां दो शिफ्ट में 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि तहसील बेल्थरारोड, सिकन्दरपुर, सैदपुरा, मनियर व माल्दा केन्द्र से जुड़े गांवों में रात नौ बजे से भोर तीन बजे तक तथा सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक बिजली की सप्लाई होगी। वहीं विद्युत उपकेंद्र सिकंदरपुर, रतसड़, करसड़ तथा गौरा मदनपुरा से जुड़े गांवों में अपराह्न तीन बजे से रात नौ बजे तक तथा भोर तीन बजे से सुबह नौ बजे तक बिजली आपूर्ति की जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद पूर्व की तरह आपूर्ति दी जाएगी।