बलिया। नगर में निकला ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस हल्की नोकझोंक के बीच शांतिपूर्ण ढंग से रात करीब साढ़े तीन बजे संपन्न हो गया। इस दौरान हो रही बारिश भी लोगों को डिगा न सकी, लोग बरसात में भी डटे रहे। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा ने राहत की सांस ली है।
नगर के ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। सबसे पहले मिड्ढी कमेटी विशुनीपुर चौराहा पहुुंचा और अपना झंडा लेकर निकले। इसके बाद नगर कमेटी विशुनीपुर चौराहे पर पहुंची, जहां अखाड़े के युवाओं ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। इसके बाद अपने नियत स्थान पर अखाड़ा पहुंचकर समाप्त हो गया। तत्पश्चात विजयीपुर अखाड़ा विशुनीपुर अखाड़ा पहुंचा, जहां डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीत व जय श्रीराम के जयघोष की धुन पर युवा जमकर थिरके। जुलूस हाथी, घोड़ा, ऊंट और गाजे-बाजे के साथ ही विभिन्न प्रकार की झांकियों ने जुलूस की शोभा बढ़ाई। इसके बाद टाउन हाल, लोहापट्टी, चमन सिंह बागरोड, बालेश्वर, विजय सिनेमा तथा गुदरी बाजार अखाड़ा विशुनीपुर चौराहा करीब 3.30 बजे पहुंच शांतिढंग से संपन्न हुआ। जिसके बाद जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा ने राहत की सांस ली। इस दौरान एएसपी विजय पाल सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह, कोतवाल शशिमौलि पांडेय सहित कई थानों की महिला व पुरुष पुलिस, पीएसी के जवान तथा खुफिया विभाग की टीम तैनात रही।
चितबड़ागाव। नगर पंचायत के चिट और फिरोजपुर दो अखाड़ों द्वारा रविवार की शाम महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया। जिसमें पहला जुलूस स्थानीय महावीर अखाड़े से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए पुन: देर शाम महावीर अखाड़े पर समाप्त हुआ। पहला महावीर झंडा सेवा समिति चिट का हनुमान मंदिर से होकर पीसीओ तिराहा, स्टेट बैंक, गांधीनगर, शास्त्री नगर, टाउन हॉल, पोस्ट आफिस, रेलवे स्टेशन होतें हुए निकाला गया एवं दूसरा झंडा जुलूस फिरोजपुर के साथ शाम को बलिया-गाजीपुर मार्ग पर मिला तथा सहाड़ी हनुमान मंदिर से होकर महाबीर अखाड़े पर पहुंचा। जुलूस में हाथी, घोड़े, ऊंट के साथ जयकारे लग रहे थे। दोनों गुटों का मिलन मंत्री उपेंद्र तिवारी द्वारा कराया गया। इस दौरान करतब बाजों के करतब देख उपस्थित लोग दांतों तले उंगल दबाने को विवश हो रहे थे। जिसमें प्रभुशंकर तिवारी, पूर्व चेयरमैन बृज कुुमार सिंह, अमरजीत सिंह, श्रीनारायण मिश्र, कमलेश सिंह, मोतीचंद गुप्ता, अवनीद्र सिंह, मंटू सिंह नवनीत उर्फ मंकू, संदीप तिवारी, ओमप्रकाश वर्मा, धीरेंद्र तिवारी, गोपाल सिंह, रणजीत सिंह (टुनटुन), पिंटू सिंह, अजय यादव, आंनद सिंह, गुड्डू सिंह, विजय गुप्ता, मनीष तिवारी आदि रहे।
धूमधाम से निकाला गया महावीरी झंडा जुलूस
रसड़ा। नगर में महावीरी झंडा जुलूस रविवार की शाम हाथी घोड़ों एवं गाजे-बाजे के साथ हषोल्लास एवं धूमधाम से निकाला गया। युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर खूब वाहवाही लूटी। रुक-रुक कर भारी बरसात के बीच श्रद्धालुओं की आस्था एवं युवाओं के जोश देखते ही बनता था। नगर के ब्रम्हस्थान गुदरी बाजार बासुदेव का चबूतरा हॉस्पिटल रोड द्वारा निकाली गई मनोहारी झांकियां आकर्षक का केन्द्र बिंदु बनी हुई थी। वहीं युवा में अपनी कला प्रदर्शित कर एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ सी मची थी। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुएश्रीनाथ मठ पर जाकर समाप्त हो गई। इस दौरान धार्मिक गीतों एवं जयश्रीराम एवं जय हनुमान के जयकारों से पूरा नगर ही धार्मिक मय रहा।