बलिया। नगर के टाउन हाल बापू भवन में उप्र भवन निर्माण मजदूर सभा का जिला सम्मेलन रविवार को आयोजित किया गया। जिसमें जिले के दूर-दराज इलाके के साथ ही द्वाबा के श्रीनगर, बसंतपुर, शिवपुर दियर, बलिया शहर के भवन निर्माण से जुडे़ मजदूरों ने भारी संख्या में प्रतिभाग किया। रामपुर स्थित सीटू कार्यालय से सैकड़ों की संख्या में मजदूर लाल झंडा लिए हुए सामाजिक सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी, श्रम कानून के संशोधन पर रोक, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, सांप्रदायिकता पर लगाम लगाने आदि मांगों पर नारे लगाते हुए टाउन हाल में आयोजित सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए सीटू के प्रदेश महासचिव प्रेमनाथ राय ने भवन निर्माण से जुडे़ मजदूरों तथा उनके मिले हुए अधिकारों के प्रति सचेत किया। उन्होंने सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों पर प्रकाश डाला जो मजदूरों की जिंदगी, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य के प्रति नकारात्मक है। कहा कि मजदूरों की सुविधाओं में लगातार कटौती की जा रही है। मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में16 हड़ताल कर चुके है। पुन: अगस्त माह में हड़ताल करने की तैयारी है। सरकार सार्वजनिक सेक्टर की ब्रिकी करती जा रही है। सम्मेलन में नथुनी वर्मा को अध्यक्ष, अजीत सिंह को महामंत्री तथा पंकज मेहता को कोषाध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन को संबोधित करने वालों में राकेश वर्मा, सुभाष सिंह, रवि यादव, आदर्श सिंह, रघुवंश उपाध्याय आदि शामिल रहे।